जीवों के विकास का अर्थ समझाइए - jeevon ke vikaas ka arth samajhaie

जीव विकास (Organic Evolution) - सृष्टि के जीवधारियों की विभिन्नता का अंकन करना दुष्कर है। आसपास में पाए जानेवाले जंतुओं और पौधों की सूची बनाना भी सरल काम नहीं है। ऐसी दशा में यह प्रश्न सहज ही उठता हे कि इतने जंतु और पौधे कैसे उत्पन्न हुए। विकासवाद (Theory of Evolution) से इन प्रश्न का समाधान होता है। ये सभी जंतु और पौधे पहले से निम्न श्रेणी में विद्यमान थे और क्रमिक विकास से वे आधुनिक रूप में आए। जीव विकास की विचारधारा बहुत नवीन नहीं है। कुछ ऐसे ही विचार रोमन कवि ल्यूक्रीशियस (Lecretius, 98-55 ईo पूo) ने अपनी रचनाओं में व्यक्त किए थे। पर विचार कवि के थे, वैज्ञानिक के नहीं। विकासवाद का वैज्ञानिक ढंग से निश्चित रूप चार्ल्स डारविन (सन्‌ 1859) के समय सामने आया, यद्यपि इसका प्रवाह अप्रत्यक्ष रूप से जान रे (John Ray, सन्‌ 1627-1707) के समय से ही आरंभ हो गया था। लिनीयस को भी जीववर्गीकरण के समय यह भास हुआ कि कुछ उपप्रजातियाँ भिन्न होते हुए भी इतनी समान थीं कि उनको अलग करना कठिन था तथा उपजाति के एक होते हुए भी उसमें भिन्नताएँ थीं अथवा यों कहिए कि उपजातियाँ परिवर्तनशील थीं। परंतु प्राचीन विचारधारा के अनुसार उपजातियाँ अपरिवर्तनीय थीं, अर्थात्‌ उनसे नई जातियाँ नहीं उत्पन्न हो सकती थीं। अतएव लिनीयस के अनुसार सृष्टि में केवल इतनी ही उपजातियाँ हैं जितनी स्रष्ट ने उत्पन्न की हैं।

Show

विकास का प्रथम आभास जीo एलo बफ्फन (G. L. Buffon, सन्‌ 1707-88) को हुआ। उनके अनुसार उपजातियाँ परिवर्तनशील हैं और समय समय पर बदल सकती हैं, परंतु प्रत्येक परिवर्तन में पूर्व के कुछ न कुछ गुण (चाहे वे अनुपयोगी ही क्यों न हों) अवश्य विद्यमान रहेंगे। बफ्फन की पुस्तक 'प्रकृति विज्ञान साधारण और विशिष्ट' 44 भागों में प्रकाशित हुई, जिनमे ये विचार व्यक्त किए गए हैं।

चार्ल्स डारविन के पितामह इरैज़मस डारविन (1731-1802) के भी ऐसे ही विचार थे। उन्होंने बताया कि उपजातियाँ समय समय पर बदलती हैं और उनका परिवर्तन बाह्य कारणों के प्रभाव से होता है तथा उनके वंश (progeny) में पहुँच जाता है। लामार्क (Lamarck, सन्‌ 1809) ने अपनी पुस्तक प्राणिदर्शन (Zoological Philosophy) में यह स्पष्ट किया कि जंतुओं में एक प्राकृतिक पद्धति (naturalorder) है जिसक अनुसार वे विकास की सीढ़ी पर नीचे से ऊपर की ओर बढ़ते हैं। एक सीढ़ी के स्तर के जंतु दूसरे से थोड़े ही भिन्न हैं। इस भिन्नता का कारण वे माध्यमिक कड़ियां (intermediate links) हैं, जो अब विलुप्त हो चुकी हैं। उन्होंने यह आशा व्यक्त की कि ये माध्यमिक कड़ियाँ कभी न कभी जीवाश्म विज्ञान (Palaentology) द्वारा उपलब्ध होंगी। आज उनका कथन सत्य सिद्ध हुआ है। कई माध्यमिक कड़ियों के जीवाश्म प्राप्त हो चुके हैं। लामार्क निम्नलिखित तीन निष्कर्षों पर पहुँचे : (1) उपजातियाँ बाह्य प्रभाव (वातावरण) द्वारा विभिन्न हो सकती है; (2) जीवों की भिन्नता में भी एक मूल समानता है तथा (3) इस भिन्नता से प्रगामी (progressive) विकास अंगों के उपयोग या अनुपयोग करने से होता है। अंग या अंगों का यदि उचित उपयोग नहीं होता तो उनका ह्रास होने लगता है और इस प्रकार नए गुणों का प्रादुर्भाव होता है। चार्ल्स डारविन ने उपर्युक्त विचारों को बहुसंख्यक उदाहरणों से परिपूर्ण कर विकासवाद को चिरस्थायी बना दिया।

डारविन को प्रेरित करनेवाला मालथस का सिद्धांत -

लामार्क के समय में रेवरेंड मालथस (Reverend Robert Malthus) एक अँगरेज पादरी थे, जिन्होंने 1798 ईo में अपने एक निबंध में आबादी और भोजन के घनिष्ठ संबंध का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि आबादी बढ़ने पर भोजन की कमी पड़ती है और तब भोजन के लिये संघर्ष उत्पन्न हो जात है। इस निबंध ने उस समय समाज में एक खलबली मचा दी।

डारविन का सिद्धांत अथवा जाति की उत्पत्ति (Originof Species)-

डारविन के 'जाति की उत्पत्ति' का सिद्धांत मौलिक नहीं था। ऐसी विचारधारा पहले से आ रही थी, पर डारविन ने सिद्धांतों को व्याख्या, तर्क एवं अनेक उदाहरणों के साथ अपनी पुस्तक ऑनदि ओरिजिन ऑव स्पीशीज़ (Origin of Species) में रखा। इस पुस्तक ने जीवविज्ञान जगत्‌ में क्रांति पैदा कर दी। डारविन का विकास सिद्धांत संक्षिप्त में इस प्रकार है:

1-ज्यामितीय अनुपात में प्रजनन से जीवों की संख्या में अपार वृद्धि के फलस्वरूप जगह और भोजन में कमी पड़ जाती है।
2-इस कमी के कारण जीवों में परस्पर संघर्ष उत्पन्न होता है, जिसे जीवन संघर्ष कहते हैं।
3-इस संघर्ष के कारण नवीन विभिन्नताएँ (variations) उत्पन्न होती हैं, जो जीव के लिये उपयोगी सिद्ध हो सकती हैं।
4-वे ही जीव जीवित रह पाते हैं जिनमें उपयोगी विभिन्नताएँ उत्पन्न होती हैं। दूसरे शब्दों में इस सिद्धांत का यह अर्थ भी निकलता है कि प्रकृति उन्हीं जीवों को जीवित रहने देती है जो योग्य होते हैं, अर्थात्‌ योग्यतम की अतिजीविता (Survival of the Fittest) का सिद्धांत यही है। डारविन के इस सिद्धांत को प्राकृतिक वरण वाद (Theory of Natural Section) भी कहते हैं।

विकासवाद के प्रमाण -

विकावाद की पुष्टि में निम्नलिखित बातें कही जाती है:

वर्गीकरण -

जीवों के ऊँची और नीची कई श्रेणियों में विभाजित किया गया है। इतना चढ़ाव और उतराव विकास के बिना संभव नहीं है।

भूविज्ञानी अभिलेख (Geological Record)--चट्टानों से उपलब्ध जीवों के जीवाश्म यह बताते हैं कि सरल या निम्न श्रेणी के जीव पहले उत्पन्न हुए और जटिल या उच्चश्रेणी के जीव बाद में। इस तथ्य की व्याख्या केवल विकासवाद द्वारा ही की जा सकती है।

ऐसे उदाहरण मिले हैं जो दो जीव श्रेणियों के मध्य के हैं। बैवेरिया में पाया जानेवाला आर्किओप्टेरिक्स (Archaeopteryx) नामक जीवाश्म आधा पक्षी है और आधा सरीसृप (reptile)। पक्षियों की भाँति उसमें डैने तथा चोंच है, परंतु सरीसृप की भाँति उसमें लंबी पूँछ और मुँह में दाँत हैं, जो वर्तमान पक्षियों में सर्वथा अनुपस्थित हैं। ऐसा ही उदाहरण आस्ट्रेलिया का प्लैटिपस (Platypus) है, जो अधिकांश गुणों में स्तनी जंतुओं से मिलता है पर अंडे देने में पक्षी से।

अवशेष अंग (Vestigialorgans)-

कुछ जंतुओं में ऐसे अंग भी विद्यमान है जिनका उन जंतुओं के लिये आज कोई उपयोग नहीं है, परंतु उन्हीं अंगों का दूसरे जंतुओं में उपयोग है और वे पूर्ण रूप से परिवर्धित (developed) हैं। उदाहरणार्थ मनुष्य की कान की मांस-पेशियाँ, जिनका अब कोई उपयोग नहीं है, आज भी उपस्थित हैं, किंतु अक्रियाशील हैं, परंतु दूसरे स्तनी जंतुओं में ये मांसपेशियाँ क्रियाशील हैं और कानों को घुमाने फिराने का काम करती हैं। इसी प्रकार का अवशेष अंग मनुष्य के पाचक नाल में उंडुक (appendix) होता है। ऐसे अवशेष अंगों की उपस्थिति की व्याख्या विकासवाद से सरलता से हो जाती है। उपयोग में न आनेवाले अंग या तो पूर्णतया नष्ट हो गए अथवा खंडहर के रूप में वर्तमान रहते हैं।

तुलनात्मक भ्रौणिकी (Comparative Embryology)-

भ्रूणावस्था में उच्च श्रेणी के जंतुओं का भ्रूण उन्हीं अवस्थाओं से होकर गुजरता है जिनसे निम्न श्रेणी के जंतुओं का भ्रूण गुजरता है। प्रारंभिक अवस्थाओं में मनुष्य, पक्षी, सरीसृप, मेढक और मछली के भ्रूणों में कई सादृश्य होते हैं।

तुलनात्मक शरीररचना -

विभिन्न जंतुओं की शरीररचना में इतना सादृश्य है कि डारविन को कहना पड़ा कि इन जंतुओं की अलग अलग उत्पत्ति होना असंभव जान पड़ती है।

पुनरुभ्दव (Reversion or Atavism)-

जंतुओं में बहुधा कुछ ऐसे गुण एकाएक उत्पन्न हो जाते हैं जो उनके लिये अनुपयोगी हैं, जैसे नवजात शिशु में कभी कभी छोटी पूछँ का पाया जाना। इससे यही सिद्ध होता है कि मनुष्य के पूर्वज दुमदार थे और प्रकृति की किसी त्रुटि से यह पूर्वज लक्षण मानव शिशु में पलट आता है।

उपर्युक्त प्रमाणों के अतिरिक्त और भी, जैसे कायिकी, फॉसिल वैज्ञानिकी, भौगोलिक वितरण, अभिजनन, आदि से प्राप्त प्रमाण हैं जो बड़े स्पष्ट रूप से विकास के पक्ष में ही संकेत करते हैं।

विकासवाद में त्रुटि -

डारविन तथा अन्य के विकास सिद्धांतों में एक त्रुटि यह थी कि जीवों के विलुप्त होने और जीवित रहने के बारे में तो बताते हैं, परंतु उनके आगमन के बारे में कुछ नहीं बताते। इसका एक मात्र कारण यह था कि आनुवंशिकता के नियमों का ज्ञान उस समय नहीं था। मेंडेलवाद की स्थापना से आनुवंशिकता का ज्ञान हुआ।

मेंडेलवाद -

जोहान ग्रेगर मेंडेल (Johann Gregor Mendel)--का जन्म 1822 ईo में एक किसान परिवार में हुआ था। वे पादरी बन गए और आस्ट्रिया में ब्रन्न के मठ के साधु हो गए थे। मठ के उद्यान में ही उन्होंने अपने अनुसंधान किए और 1884 ईo में मृत्यु को प्राप्त हुए।

उन्होंने अपने उद्यान में मटर पर प्रयोग करके आनुवंशिकता के दो नियमों को स्थापित किया, जो मेंडलवाद के नाम से विख्यात हैं। उनका अनुसंधान ब्रन्न की प्राकृतिक इतिहास परिषद की कार्यवाही में पहले पहल छपा, पर दुर्भाग्यवश उनके प्रयोगफलों की ओर लगभग 35 वर्षों तक लोगों का ध्यान नहीं गया। उनकी मृत्यु के 16 वर्षों के बाद 1900 ईo में तीन अन्य वनस्पति वैज्ञानिक डे व्रीस (De Vries), कोरेंस (Correns) तथा (Tschermak) ने स्वतंत्र रूप से फिर वे ही नियम खोज निकाले, पर ये नियम मेंडेल के नाम पर ही मेंडेल के आनुवंशिकता के नियम कहलाने लगे और इससे आनुवंशिकी (Genetics) नाम विज्ञान की एक शाखा की नींव पड़ी।

मेंडेल की आनुवंशिकता के नियम -

अच्छे किस्म के पौधों को उत्पन्न करने का मेंडेल ने प्रयत्न किया और उन्होंने पौधे के प्रत्येक गुण का अलग अलग अध्ययन मिया। सबसे पहले उन्होंने बीज के लंबे होने के गुण का अध्ययन किया। इसके लिये उन्होंने एक लंबा बीज लिया तथा दूसरा वामन। दोनों के पौधों के परस्पर संक्रमण से उन्होंने देखा कि उनसे उत्पन्न बीज लंबे हुए। पर इन लंबे बीज वाले पौधों का जब परस्पर फिर संस्करण कराया गया तब देखा गया कि दूसरी पीढ़ी में जो बीज उत्पन्न हुए उनमें लंबे और वामन दोनों प्रकार के बीज थे। इनकी उत्पत्ति की संख्या का अनुपात निकालने पर देखा गया कि इनमें प्रत्येक तीन लंबे बीज पर एक वामन बीज था। इससे वे इस सिद्धांत पर पहुँचे कि पौधों में दो प्रकार के गुण होते हैं। एक प्रभावी (dominant) और दूसरे अप्रभावी (recessive)। प्रथम पीढ़ी में अप्रभावी गुण दब जाते हैं, पर द्वितीय पीढ़ी में दोनों गुण 3:1 के अनुपात में प्रकट होते हैं। इसको मेंडेल की आनुवंशिकता का प्रथम सिद्धांत कहते हैं। इसे पृथक्करण का नियम भी कहते हैं।

तत्पश्चात्‌ मेंडेल ने दो गुणों के संचारण का एक साथ अध्ययन किया और देखा कि दूसरी पीढ़ी में दोनों गुण स्वतंत्र रूप से उसी 3:1 के अनुपात में प्रकट होते हैं। दूसरे शब्दों में इसका अर्थ यह हुआ कि गुणों का आपस में मिश्रण नहीं होता तथा उनका संचारण (transmission) स्वतंत्र रूप से होता है। इसे मेंडेल का द्वितीय नियम या स्वतंत्र संव्यूहन (Independent Assortement) का नियम कहते हैं (देखें अनुवंशिकता तथा आनुवंशिक तत्व)।

मेंडेल के प्रयोग बड़े महत्व के सिद्ध हुए। इन प्रयोगों के परिणामों से आनुवंशिकता के संबंध में अनेक भविष्यवाणियाँ हुई, जो आधुनिक काल की खोजों से बिल्कुल ठीक प्रमाणित हुई हैं। ये नियम पौधों पर ही नहीं, वरन्‌ जंतुओं पर भी समान रूप से लागू होते हैं और इनके फलस्वरूप मनुष्य अच्छी नस्ल के जंतुओं, उन्नत पौधों तथा रोगरोधी बीजों को उत्पन्न करने में समर्थ हुआ है।

आनुवंशिकता का आधार गुणसूत्र या क्रोमोसोम (Chromosome) -

जंतु और पौधों की कोशिकाओं के केंद्रक में गुणसूत्र होते हैं, जो कोशिका विभाजन के समय देखे जा सकते हैं। इनकी उपस्थिति का ज्ञान पहले से था, पर आनुवंशिकता से उनके संबंध का पता टामस हंट मार्गन (Thomas Hunt Morgan) और उनके सहयोगियों ने लगाया। क्रोमोसोम बड़े छोटे होते हैं और उनकी संख्या प्रत्येक जाति के लिय निश्चित होती है। मनुष्य में यह संख्या 46 है। पहले ऐसा अनुमान किया जाता था कि क्रोमोसोम जीव के विभिन्न लक्षणों के समूह से बना है और प्रत्येक क्रोमोसोम में जीन (gene) के समूह रहते हैं। गर्भाशय में मातापिता दोनों के समूह युक्त होकर प्रजनन करते हैं, जिससे माता और पिता दोनों के गुण आ जाते हैं।

आधुनिक अनुसंधान से देखा गया कि क्रोमोसोम प्रोटीन, डीo एनo एo (D. N. A..-Deoxyribo-nucleic acid) और आरo एनo एo (R. N. A.-Ribo-nucleic acid) से बने होते हैं। इनमें केवल डीo एनo ए ही आनुवंशिकता का आधार पाया गया।

जीवविज्ञान और अंधविश्वास -

जीवविज्ञान के अध्ययन से अन्य लाभों के साथ साथ एक लाभ यह भी हुआ कि अनेक अंधविश्वासों का विनाश हुआ है। ऐसे कुछ अंधविश्वास निम्नलिखित हैं:

संध्या समय पेड़ों से फूल पत्ते तोड़ना दुष्ट आत्माओं को कुपित करना है। इसमें कोई तथ्य नहीं हैं। यह संभव है कि संध्या समय पौधे ऑक्सीजन नहीं छोड़ते, केवल कार्बन डाइऑक्साइड छोड़ते हैं, जिससे पेड़ों के निकट जाने से स्वास्थ्य की हानि हो सकती है।

छिपकली में विष -

लोगों में ऐसी धारणा प्रचलित है कि छिपकली विषैली होती है, पर वास्तव में ऐसा नहीं हैं। केवल एक प्रकार की छिपकली ही, जो मेक्सिको में पाई जाती है, विषैली होती हैं।

साँप की आँखों में मारनेवाले के चित्र का बनना -

यह भी पूर्णत: निराधार है।

सांप का सुनना - साँप बहरे होते हैं। ध्वनि तरंगों के खोपड़ी की हड्डियों से होकर मस्तिष्क तक पहुँचने से उन्हें ध्वनि का ज्ञान होता है।

सांपों का गर्भवती स्रियों के सामने अंधा हो जाना -

इसमें कोई आधार नहीं।

सभी साँप विषैले होते हैं -

संसार में लगभग ढाई हजार किस्म के (भारत में केवल 300 किस्म के) साँप पाए जाते हैं। इनमें से केवल 40 किस्म के साँपों का काटना हानिकारक होता है और इनमें भी केवल तीन-नाग, वाइपर और करैत-का काटना घातक होता है।

आधुनिक जीवविज्ञान -

जीवविज्ञान का आधुनिक रूप काफी परिवर्तित है। यह परिवर्तन दिन प्रति दिन बढ़ता ही जा रहा है। जहाँ अभी हाल तक आकारिकी, तुलनात्मक शरीर रचना, भ्रौणिकी आदि जैसी वर्णानात्मक शाखाओं का अधिक महत्व था, वहां आज आनुवंशिकी, कायिकी, प्रयोगात्मक जीवविज्ञान, परिस्थितिकी आदि का युग है। जीवविज्ञान तथा अन्य विज्ञान शाखाओं के बीच की दीवार अब टूट चुकी है और जीवविज्ञान के अनुसंधानों में भौतिकी व रसायन विज्ञान बड़े सहयोगी सिद्ध हो रहे हैं तथा जीवभौतिकी व जीवरसायन आधुनिक जीवविज्ञान के अभिन्न अंग बन गए हैं। आनुवंशिकी का रूप मेंडेल के समय से अब इतना परिवर्तित हो गया है कि उसको उसके असली रूप में पहचानना कठिन है1 कुछ ही समय पहले आनुवंशिकी का अध्ययन केवल 'क्रोमोसोम' के बाहर तक ही सीमित था, परंतु अब यह अध्ययन क्रोमोसोम के भीतर तक पहुंच चुका है और उसने जीन सिद्धांत (Gene Theory) में परिवर्तन ला दिया है। उपकरणों तथा तकनीकी में बहुत उन्नति होने के कारण कोशिका व ऊतक (tissue) की कायिकी में अपार ज्ञानवृद्धि हुई है। इलेक्ट्रान-सूक्ष्मदर्शी के आविष्कार से अब विषाणु जैसा सूक्ष्म जीव भी देखा जा सकता है। इलेक्ट्रान सूक्ष्मदर्शी से जीवों को कई लाख गुना बड़ा देखा जा सकता है।

विकिरण जैविकी (Radiation Biology)-

जीवविज्ञान की एक और नई शाखा निकल चुकी है। इसके अंतर्गत सजीव पदार्थों पर विकिरण के प्रभाव का अध्ययन तथा रेडियधर्मी पदार्थों और जीवधारियों में लाभदायक संबंध स्थापित कराने का प्रयास किया जाता है। यह प्रयास पर्याप्त मात्रा में सफल हो चुका है। शरीर के भीतर रेडियधर्मी पदार्थों का पदार्पण करा कर और उनका अनुसरण कर न केवल आंतरिक अंगों की कायिकी के बारे में पता चलता है, बल्कि छिपे आंतरिक रोगों का भी निदान होता है। विकिरण द्वारा कई असाध्य रोगों का उपचार भी होता है। भविष्य में इन विधियों से मानवजाति को बड़ी आशा है।

ये नवीन शाखाएँ अभी पूर्ण रूप से जड़ भी न पकड़ पाई थीं कि अंतरिक्ष युग ने पदार्पण करके अंतरिक्ष जीवविज्ञान के लिये सामग्री तैयार कर दी है और अब बहुत से जीववैज्ञानिक जीव अध्ययन के लिये आकाश की ओर देखने लगे हैं। दूसरे नक्षत्रों पर जीव हैं या नहीं, यदि हैं तो पृथ्वी जैसे या उससे भिन्न, ये सब प्रश्न अब उठने लगे हैं। अंतरिक्ष से प्राप्त कुछ पत्थरों के टुकड़ों का, जो उल्काओं के रूप में गिरे मिलते हैं, अध्ययन अब जीवविज्ञान केदृष्टिकोण से होने लगा है। उनका रासायनिक विश्लेषण करके अब यह पता लगाने की चेष्टा हो रही है कि नक्षत्रों पर जीवों की उपस्थिति का कुछ संकेत है या नहीं। कुछ अंश में उत्तर हाँ की ओर ही झुकता दिखाई पड़ रहा है। वैज्ञानिकों का मत है कि कम से कम मंगल ग्रह पर किसी प्रकार के वानस्पतिक जीव उपस्थित हैं। इस मत के दो आधार है: पहला यह कि मंगल ग्रह एक ऐसा ग्रह है जिसके चारों ओर वायुमंडल पाया जाता है और जिससे जीव उपस्थिति की पुष्टि होती है-और दूसरा यह है कि उसके धरातल पर कुछ ऐसे धब्बे देखे जाते हैं जो मौसम के अनुसार कम, अधिक या लुप्त होते रहते हैं। इससे यह अनुमान लगाया जाता है कि ये धब्बे किसी वनस्पति की उपस्थिति के द्योतक हैं, जो वहाँ के मौसम के अनुसार घटती, बढ़ती या लुप्त होती रहती है।

संo ग्रंo -- टीo आईo स्टीरर : जेनरल ज़ोऑलोजी (मैक्ग्रा हिल); एचo हवीलर : वंडर्स ऑव नेचर, (दि होम लाइब्रेरी क्लब); डीo एमo बोनर : हेरेडिटी (प्रेंटिस हॉल)। [कृष्णप्रसाद श्रीवास्तव]

जीवों के विकास से आप क्या समझते हैं?

विकासीय जीव विज्ञान पृथ्वी पर जीव- रूपों के इतिहास का अध्ययन है। वस्तुत: विकास में है क्या ? वनस्पति एवं प्राणि जगत में करोड़ों वर्ष पूर्व पृथ्वी पर हुए परिवर्तनों को समझने के लिए जीवन की उत्पत्ति के बारे में एक समझ बनानी अपेक्षित है । अर्थात् हमें पृथ्वी, तारों और यहाँ तक कि स्वयं ब्रह्मांड के विकास को जानना होता है ।

जीवों के विकास के सिद्धांत के मुख्य बिंदु क्या है?

Solution : डार्विन और वैलेस द्वारा प्रतिपादित जीवों के विकास सिद्धांत का मुख्य बिन्दु निम्न है- <br> (i) जीवों में विविधता पाई जाति है । <br> (ii) नई जातियों की उत्पत्ति , पूर्व में उपस्थित प्रजातियों से हुई है । <br> (iii) जीवों की उत्पत्ति एकसमान पूर्वज से हुई है, अर्थात सभी जीवों के पूर्वज एक ही थे ।

जैव विकास से क्या आशय है इसका वर्गीकरण से क्या संबंध है?

भूवैज्ञानिक काल के दौरान सरल प्रकार के पूर्वजों से "परिवर्तन" के फलस्वरूप जटिल जीवों का बनना विकास या जैव विकास कहलाता है। आज के विभिन्न जीव उसी रूप में नहीं बने जिस रूप में आज पाए जाते हैं, बल्कि वे एक सामान्य पूर्वज रूप से, जो कहीं अधिक सरल प्रकार का रहा होगा, धीरे-धीरे विकसित हुए ।

जय विकास का आधार क्या है?

Solution : पर्यावरण द्वारा उत्तम परिवर्तन (Variants)।