कवि ने संतों से अपने ईश्वर के विषय में क्या कहा? - kavi ne santon se apane eeshvar ke vishay mein kya kaha?

Punjab State Board PSEB 11th Class Hindi Book Solutions Chapter 1 कबीर वाणी Textbook Exercise Questions and Answers.

Hindi Guide for Class 11 PSEB कबीर वाणी Textbook Questions and Answers

प्रश्न 1.
कबीर जी के अनुसार मानव को जीवन में किन-किन गुणों को अपनाना चाहिए ?
उत्तर:
कबीर जी के अनुसार मानव को सदा ऐसी वाणी बोलनी चाहिए जो स्वयं को तो शीतल करेगी ही दूसरों को भी सुख पहुँचाएगी। हमें झूठा अभिमान नहीं करना चाहिए। अहम् को त्याग कर प्यार से रहना चाहिए। विनम्रता का व्यवहार करना चाहिए। जीवन में सत्कर्म रूपी धन का संचय करना चाहिए। भक्ति रूपी धन को जीवन में महत्त्व देना चाहिए। आडंबरों से दूर रह कर सच्चे मन से ईश्वर को पाने की चेष्टा करनी चाहिए।

प्रश्न 2.
मानव को गर्व क्यों नहीं करना चाहिए ?
उत्तर:
मानव को गर्व इसलिए नहीं करना चाहिए क्योंकि मानव जीवन नाशवान और क्षणभंगुर है। मौत हर वक्त सिर पर खड़ी रहती है। न जाने वह कब आ जाए। घर में या परदेश में। गर्व मानव के सिर को सदा नीचे करता है और उसे ईश्वर के नाम से दूर करता है। गर्व अपनों को भी दूर कर देता है। गर्व पतन का मूल कारण होता है इसलिए उससे सदा दूर रहना चाहिए।

प्रश्न 3.
कबीर ने किस प्रकार का धन संचय करने को कहा है ?
उत्तर:
कबीर जी ऐसे धन का संचय करने की बात कहते हैं जो मनुष्य के साथ परलोक में भी जाए। क्योंकि इस संसार में संचित किया गया धन तो संसार में ही रह जाता है। किसी को भी संचित धन की पोटली को सिर पर रखकर ले जाते नहीं देखा। मनुष्य खाली हाथ आता है और खाली हाथ ही चला जाता है। ईश्वर का नाम ही वास्तविक धन है और उसी का संचय करना चाहिए।

प्रश्न 4.
कबीर जी ने ईश्वर को माँ और स्वयं को बालक मानते हुए किस तर्क के आधार पर अपने अवगुणों को दूर करने को कहा है ?
उत्तर:
कबीर जी ने परमात्मा को माता रूप में मान कर अपने सारे अपराध क्षमा करने को कहा है। कबीर जी ने यह तर्क दिया है कि बालक चाहे कितने भी अपराध करे पर माता उसके प्रति अपने स्नेह को कभी नहीं त्यागती। चाहे वह उसके बाल खींचकर उसे चोट क्यों न पहुँचाए। जन्म देने वाला ही अपनी संतान का वास्तविक रक्षक और भला करने वाला हो सकता है। उस जैसा अन्य कोई नहीं हो सकता।

प्रश्न 5.
कबीर जी ने प्रभु को सर्वशक्तिमान मानते हुए क्या कहा है-रमैणी के आधार पर 40 शब्दों में वर्णन करें।
उत्तर:
कबीर जी ने प्रभु को सर्वशक्तिमान मानते हुए उनके स्वरूप को परमप्रिय, स्वच्छ और उज्ज्वल कहा है। कबीर कहते हैं कि प्रभु की माया को कोई नहीं जान सका चाहे वह पीर-पैगंबर हो, जिज्ञासु शिष्य हो, काजी हो ; मुसलमान हो चाहे कोई देवी-देवता हो, मनुष्य, गण, गंधर्व या फिर आदि देव ब्रह्मा, विष्णु, महेश ही क्यों न हो। उसे सहजता से नहीं पाया जा सकता। उसे पाने के लिए सच्चे मन से उसका मनन करना चाहिए।

प्रश्न 6.
कबीर ने रूढ़ियों का खण्डन किस प्रकार किया है ?
उत्तर:
कबीर जी ने मुंडी साधुओं के द्वारा बार-बार केश कटवाने की रूढ़ि का खण्डन करते हुए कहा है कि केशों ने तुम्हारा क्या बिगाड़ा है, उस मन को क्यों नहीं मूंडते जिसमें सैंकड़ों विषय विकार हैं। कबीर का मानना है कि मात्र धार्मिक ग्रंथों को पढ़ने से ईश्वर की प्राप्ति नहीं होती, उसे पाने के लिए सच्चे मन से उसका स्मरण करना चाहिए। वह आडंबरों से कभी प्राप्त नहीं कर सकता। रूढ़ियाँ इन्सान के मन को व्यर्थ ही इधर-उधर भटकाती हैं।

PSEB 11th Class Hindi Guide कबीर वाणी Important Questions and Answers

अति लघूत्तरात्मक प्रश्न

प्रश्न 1.
कबीरदास का जन्म और मृत्यु कहां और कब हुई थी ?
उत्तर:
कबीरदास का जन्म संवत् 1455 में काशी में और मृत्यु संवत् 1575 मगहर में मानी जाती है।

प्रश्न 2.
कबीरदास का पालन-पोषण किसने किया था ?
उत्तर:
कबीरदास का पालन-पोषण नीरू और नीमा नामक जुलाहा दंपत्ति ने किया था।

प्रश्न 3.
कबीर किस काव्यधारा के कवि थे ?
उत्तर:
कबीर संत काव्यधारा के कवि थे।

प्रश्न 4.
कबीर की कितनी रचनाएँ मानी जाती हैं ?
उत्तर:
कबीर की 150 रचनाएँ मानी जाती हैं।

प्रश्न 5.
कबीर की कविता कैसी कविता है ?
उत्तर:
कबीर की कविता गहरे जीवनानुभावों की कविता है।

प्रश्न 6.
कबीर का युग कैसा था ?
उत्तर:
कबीर का युग सामाजिक विषमताओं का युग था।

प्रश्न 7.
कबीर साहित्य किन तीन भागों में मिलता है ?
उत्तर:
कबीर साहित्य साखी, पद (सबद) और रमैणी तीन भागों में मिलता है।

प्रश्न 8.
कबीर के काव्य की भाषा कैसी है ?
उत्तर:
कबीर की भाषा जनभाषा है, जिसे सधुक्कड़ी भाषा कहते हैं।

प्रश्न 9.
कबीर ने सतगुरु की महिमा को कैसा माना है ?
उत्तर:
कबीर ने अनुसार की महिमा अनंत है।

प्रश्न 10.
कबीर ने उनमनी अवस्था किसे माना है ?
उत्तर:
कबीर के अनुसार मन की शांत अवस्था ही उनमनी है, जिसे तुरीयावस्था, सहजावस्था, भागवती चेतना भी कहते हैं।

प्रश्न 11.
‘सतगुरु’ ने कबीर को क्या दिया ?
उत्तर:
‘सतगुरु’ ने कबीर को ज्ञान रूपी दीपक दिया।

प्रश्न 12.
कबीर ने माया और मनुष्य को क्या माना है ?
उत्तर:
कबीर ने माया को दीपक और मनुष्य को पतंगा बताया है, जो माया के आकर्षण में पड़कर अपना जीवन नष्ट कर बैठता है।

प्रश्न 13.
कबीर प्रभु स्मरण कैसे करने के लिए कहते हैं ?
उत्तर:
कबीर कहते हैं कि मन, वचन और कर्म से प्रभु का नाम स्मरण करना चाहिए।

प्रश्न 14.
कबीर ने किसके घर को बहुत दूर बताया है ?
उत्तर:
कबीर ने हरि के घर को बहुत दूर बताया है।

प्रश्न 15.
कबीर विषय-विकारों की आग को कैसे बुझाने के लिए कहते हैं ?
उत्तर:
कबीर प्रभु नाम के स्मरण द्वारा विषय-विकारों की आग बुझाने के लिए कहते हैं।

प्रश्न 16.
विरहणि कौन है और वह किससे मिलना चाहती है ?
उत्तर:
विरहणि आत्मा है और वह परमात्मा से मिलना चाहती है।

प्रश्न 17.
कबीर ने विरह को क्या माना है ?
उत्तर:
कबीर ने विरह को सुल्तान माना है।

प्रश्न 18.
राम का नाम ले-लेकर कबीर की क्या दशा हो गई है ?
उत्तर:
राम का नाम पुकार-पुकार कर कबीर की जीभ पर छाले पड़ गए हैं।

प्रश्न 19.
कबीर ने किस का गर्व नहीं करने के लिए कहा है ?
उत्तर:
कबीर ने संपत्ति का गर्व नहीं करने के लिए कहा है।

प्रश्न 20.
कबीर अपने प्रभु के दर्शन करने के लिए क्या करना चाहता है ?
उत्तर:
कबीर इस शरीर का दीपक बना कर, उस में आत्मा की बत्ती बनाकर तथा अपने रक्त का तेल बनाकर इस दीपक को जलाकर प्रभु का दर्शन करना चाहते हैं।

प्रश्न 21.
ईश्वर भक्ति को कैसे प्राप्त किया जा सकता है ?
उत्तर:
अह्म त्याग कर।

प्रश्न 22.
मानव जीवन ……………… है ।
उत्तर:
नश्वर।

प्रश्न 23.
आजकल वास्तविक रूप में कौन जी रहा है ?
उत्तर:
जो भेद बुद्धि में नहीं पड़ता।

प्रश्न 24.
सत्संगति मनुष्य के दोषों को किस में बदलती है ?
उत्तर:
गुणों में।

प्रश्न 25.
कबीर के अनुसार विषय-वासनाओं को जड़ से काट कर ………. को स्वच्छ करना चाहिए।
उत्तर:
मन।

बहुविकल्पी प्रश्नोत्तर

प्रश्न 1.
संत कबीर के गुरु कौन थे ?
(क) मस्तराम
(ख) भावानंद
(ग) रामानंद
(घ) रामदास।
उत्तर:
(ग) रामानंद

प्रश्न 2.
संत कबीर की समाधि कहां स्थित है ?
(क) मगहर में
(ख) काशी में
(ग) इलाहाबाद में
(घ) वाराणसी में।
उत्तर:
(क) मगहर में\

प्रश्न 3.
सतगुरु जी ने कबीर जी को कौन-सा दीपक प्रदान किया ?
(क) ज्ञान
(ख) ध्यान
(ग) प्राण
(घ) संज्ञान।
उत्तर:
(क) ज्ञान

प्रश्न 4.
संत कबीर किस भक्ति को मानते थे ?
(क) सगुण
(ख) निर्गुण
(ग) दोनों
(घ) कोई नहीं।
उत्तर:
(ख) निर्गुण

प्रश्न 5.
संत कबीर ने परमात्मा को किसमें विराजमान बताया है ?
(क) घट-घट में
(ख) मन में
(ग) प्राण में
(घ) आत्मा में।
उत्तर:
(क) घट-घट में।

साखी सप्रसंग व्याख्या

1. मनिषा जनम दुर्लभ है, देह न बारंबार।
तरवर थें फल झड़ि पड़या, बहुरि न लागै डार॥

कठिन शब्दों के अर्थ :
मनिषा = मानव का, मनुष्य का। दुर्लभ = आसानी से प्राप्त न होने वाला। देह = शरीर । तरवर = वृक्ष। बहरि = फिर से। डार = डाली।

प्रसंग:
प्रस्तुत दोहा संत कवि कबीर दास जी द्वारा लिखित ‘साखी’ में से लिया गया है। प्रस्तुत दोहे में कबीर जी ने मनुष्य जन्म बार-बार न मिलने की बात कही है।

व्याख्या:
कबीर जी कहते हैं कि मनुष्य जन्म बड़ा दुर्लभ है। यह आसानी से प्राप्त होने वाला नहीं है (समाज में मान्यता है कि यह चौरासी लाख योनि भोगने के बाद मिलता है)। जैसे जब वृक्ष से फल झड़ जाता है तो वह फिर डाली से नहीं लगता है। उसी प्रकार एक बार मानव शरीर प्राप्त होने पर फिर नहीं मिलता है।

विशेष:

  1. इस साखी में कबीर जी कहते हैं कि मानव जन्म सरलता से प्राप्त नहीं होता, इसलिए उसे व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए।
  2. भाषा सरल, सहज सधुक्कड़ी है।
  3. अनुप्रास अलंकार है।
  4. दोहा छन्द का सुन्दर प्रयोग है। शैली उपदेशात्मक है।

2. कबीर कहा गरबियौ, काल गहै कर केस।
न जाणै कहाँ मारिसी, कै घर कै परदेस॥

कठिन शब्दों के अर्थ : कहा = क्या। गरबियौ = अभिमान करता है। काल = मृत्यु। गहै = पकड़ रखे हैं। कर = अपने हाथों में। केस = बाल।
प्रसंग :
प्रस्तुत दोहा संत कवि कबीर दास जी द्वारा लिखित ‘साखी’ में से लिया गया है। प्रस्तुत दोहे में मानव जीवन की अनिश्चितता पर प्रकाश डाला है।

व्याख्या :
कबीर जी कहते हैं कि इस शरीर पर क्या अभिमान करते हो! यह तो क्षण भर में मिट जाने वाला है। यह मृत्यु को प्राप्त होने वाला है। मृत्यु ने जीव को बालों से पकड़ रखा है, पता नहीं वह उसे कहाँ मारेगी। उसके अपने घर में ही या फिर परदेस में। वह उसे कहीं भी मार सकती है।

विशेष :

  1. इस साखी में कबीर जी ने मनुष्य को जीवन की नश्वरता के विषय में बताया है। मानव जीवन नश्वर है उस पर अभिमान नहीं करना चाहिए।
  2. ‘काल’ का मानवीकरण किया गया है। अनुप्रास अलंकार है।
  3. भाषा, सरल, सरस और स्वाभाविक है।
  4. माधुर्य गुण है। दोहा छन्द है। शैली उपदेशात्मक है।

3. प्रेम न खेतौं नीपजै, प्रेम न हाटि बिकाइ।
राजा प्रजा जिस रुचै, सिर दे सो ले जाइ॥

कठिन शब्दों के अर्थ : प्रेम = ईश्वर भक्ति। नीपजै = पैदा होती है। हाटि = दुकान पर। रुचै = अच्छा लगे। सिर देना = अहं का त्यागना।

प्रसंग :
प्रस्तुत दोहा संत कवि कबीर दास द्वारा लिखित साखी में से लिया गया है। प्रस्तुत दोहे में कबीर जी ने अहं को त्यागने पर ही ईश्वर की भक्ति मिलने की बात कही है।

व्याख्या :
कबीर जी कहते हैं कि प्रेम अर्थात् ईश्वर भक्ति न तो खेतों में पैदा होती है और न ही दुकान पर बिकती है। राजा हो चाहे प्रजा, जिस किसी को भी यह प्रेम रूपी ईश्वर भक्ति चाहिए वह अपना सिर देकर तथा अपना अहं त्याग कर इसे प्राप्त कर सकता है। भाव यह है कि ईश्वर की भक्ति उसे ही प्राप्त होती है जो आत्म-त्याग करता है, अपने अहं को नष्ट कर देता है।

विशेष:

  1. इस साखी में कबीर जी कहते हैं कि ईश्वर की भक्ति उसे ही प्राप्त होती है जो आत्म-त्याग करता है, अपने अहंकार को नष्ट करता है।
  2. भाषा सरल और भावपूर्ण है।
  3. माधुर्य गुण का प्रयोग किया गया है।
  4. दोहा छन्द है। शैली उपदेशात्मक है।

4. साइं सूं सब होत है बंदे थें कछु नांहि।
राई 3 परबत करै, परबत राई मांहि॥

कठिन शब्दों के अर्थ : साई = स्वामी, ईश्वर । बंदे = मनुष्य। परबत = पर्वत, पहाड़।

प्रसंग :
प्रस्तुत दोहा संत कवि कबीर दास द्वारा लिखित ‘साखी’ में से लिया गया है। प्रस्तुत दोहे में कबीर जी ने ईश्वर को सर्वशक्तिमान बताया है।

व्याख्या :
कबीर जी कहते हैं कि ईश्वर सब कुछ करने में समर्थ है क्योंकि वह सर्वशक्तिमान है, मनुष्य से कुछ नहीं हो सकता। ईश्वर चाहे तो राई को पर्वत बना सकता है और पर्वत को राई। भाव यह है कि ईश्वर छोटे या तुच्छ को बड़ा या महान् बनाने की शक्ति रखता है।

विशेष :

  1. प्रस्तुत साखी में कबीर जी का भाव यह है कि ईश्वर सर्वशक्तिमान है। सभी काम उनकी इच्छानुसार होता है।
  2. अनुप्रास अलंकार का सहज प्रयोग किया गया है।
  3. भाषा सरल सहज सधुक्कड़ी है। तत्सम शब्दावली की अधिकता है।
  4. दोहा छन्द है। माधुर्य गुण है। शैली उपदेशात्मक है।

5. ऐसी बाणी बोलिये, मन का आपा खोइ।
अपना तन सीतल करै, औरन को सुख होई॥

कठिन शब्दों के अर्थ : आपा = अहंकार।खोइ = दूर कर, नष्ट करके। तन = शरीर। सीतल = ठंडा। औरन = दूसरों को।

प्रसंग : प्रस्तुत दोहा संत कवि कबीर दास जी द्वारा लिखित साखी में से लिया गया है। प्रस्तुत दोहे में मधुर वाणी के महत्त्व पर प्रकाश डाला है।

व्याख्या :
कबीर जी कहते हैं कि मनुष्य को अपना अहंकार (अहं भाव) त्याग कर ऐसी वाणी बोलनी चाहिए जिससे मनुष्य के शरीर को तो शीतलता प्राप्त हो ही साथ में दूसरों को भी अर्थात् सुनने वालों को भी सुख मिले। भाव यह है कि मनुष्य को सदा मधुर वचन कहने चाहिएँ इनसे अपने को तथा दूसरों को सुख मिलता है।

विशेष :

  1. प्रस्तुत साखी में कबीर जी का भाव यह है कि मनुष्य को सदा मधुर वचन बोलने चाहिए। ऐसा करने से उसे स्वयं को तो सुख मिलता है साथ ही वह दूसरों को भी सुख प्रदान करते है।
  2. भाषा सरल, सहज सधुक्कड़ी है। तत्सम और तद्भव शब्दावली का प्रयोग है।
  3. दोहा छन्द का सुन्दर प्रयोग है।
  4. प्रसाद गुण अभिधा शब्द शक्ति और शांत रस ने कथन को सरलता और सहजता प्रदान की है। अर्थान्तरन्यास अलंकार हैं।

6. कबीर औगुण ना गहै गुण ही को ले बीनि।
घट-घट महु के मधुप ज्यों, पर आत्म ले चीन्हि ।।

कठिन शब्दों के अर्थ : औगुण = अवगुण, बुरी बातें। गहै = ग्रहण करें, ध्यान दें। बीनि = चुन लें, ग्रहण कर लें। घट-घट = प्रत्येक शरीर, फूल। महु = मधु, शहद। मधुप = भँवरा। चीन्हि = चुन लो, पहचान लो।

प्रसंग :
प्रस्तुत दोहा संत कवि कबीर दास जी द्वारा लिखित ‘साखी’ में से लिया गया है। प्रस्तुत दोहे में गुणों का संग्रह कर, अहं को त्याग कर ईश्वर को पहचानने की बात कही है।

व्याख्या :
कबीर जी मनुष्य को सलाह देते हुए कहते हैं कि तुम अवगुणों को न ग्रहण करो। केवल गुणों को ही चुनो तथा उन्हें ही ग्रहण करो। जैसे भँवरा प्रत्येक फूल में से शहद प्राप्त करता है उसी प्रकार प्रत्येक शरीर में विद्यमान तुम उस ईश्वर को चुनो, पहचान लो। भाव यह है कि ईश्वर का आनंद स्वरूप मधु के समान है जिसे मनुष्य को जगत् के दुःखों एवं अहं से अलग कर पहचानना चाहिए।

विशेष :

  1. प्रस्तुत साखी में कबीर जी कहते है कि मनुष्य ईश्वर के स्वरूप को तभी पहचान सकता है जब वह अहं तथा मोह का त्याग करता है।
  2. अनुप्रास तथा उदाहरण अलंकारों का प्रयोग है।
  3. भाषा सरल, सहज एवं स्वाभाविक है। तत्सम तथा तद्भव शब्दावली है।
  4. प्रसाद गुण और अभिधा शब्द शक्ति ने कथन को सरलता और सरसता प्रदान की है।

7. हिन्दू मूये राम कहि, मुसलमान खुदाइ।
कहै कबीर सो जीवता, दुह में कदे न जाइ॥

कठिन शब्दों के अर्थ :
मूये = नष्ट हो रहे हैं। सो जीवता = वही जी रहा है। दुह = दुविधा, भेद । कदे न = कभी नहीं।

प्रसंग : प्रस्तुत दोहा संत कवि कबीर दास द्वारा लिखित ‘साखी’ में से लिया गया है। प्रस्तुत दोहे में कबीर जी ने राम और खुदा में भेद न कर सच्चे ईश्वर को पहचानने की बात कही है।

व्याख्या :
कबीर जी कहते हैं कि हिन्दू अवतारी राम में आस्था रखकर और मुसलमान खुदा में आस्था रखकर नष्ट हो गए। कबीर जी कहते हैं वास्तव में वही व्यक्ति जीवित रहा है जो इस भेद-बुद्धि में नहीं पड़ता, जो राम और खुदा के भेद में न पड़ कर सच्चे ईश्वर को पहचानता है। कबीर जी के कहने का भाव यह है कि ईश्वर को पाने के लिए, पहचानने के लिए मनुष्य को राम खुदा के भेद से ऊपर उठना होगा।

विशेष :

  1. प्रस्तुत साखी में कबीर जी का भाव है कि परमात्मा घट-घट में समाया हुआ है वह केवल ‘राम’ या ‘अल्लाह’ नामों में छिपा हुआ नहीं है। उसे हर कोई प्राप्त कर सकता है।
  2. अनुप्रास अलंकार का सहज प्रयोग है।
  3. अभिधा शब्द शक्ति के प्रयोग ने कवि के कथन को सरलता और सहजता प्रदान की है।
  4. प्रसाद गुण और शांत रस विद्यमान है। गेयता का गुण है।

8. कबीर खाई कोट की, पाणी पिवै न कोई।
जाइ मिलै जब गंग मैं, तब सब गंगोदक होइ॥

कठिन शब्दों के अर्थ : कोट = किला, दुर्ग। गंगोदक = गंगा-जल।

प्रसंग :
प्रस्तुत दोहा संत कवि कबीर दास द्वारा लिखित ‘साखी’ में से लिया गया है। प्रस्तुत दोहे में कबीर जी के सत्संगति के प्रभाव का वर्णन किया है, जो व्यक्ति के अनेक दोषों को दूर कर देती है।

व्याख्या :
कबीर जी कहते हैं कि दुर्ग के चारों ओर बनी खाई का पानी कोई नहीं पीता। वह पानी अपवित्र माना जाता है। किन्तु वही पानी जब गंगा नदी में जा मिलता है तो गंगा-जल बन जाता है, पवित्र हो जाता है। कबीर जी के कहने का भाव यह है कि सत्संगति भी इसी तरह मनुष्य के दोषों को दूर कर उन्हें गुणों में बदल देती है।

विशेष :

  1. इस साखी में कबीर जी का भाव यह है कि सत्संगति मनुष्य के दोषों को दूर करके उसे गुणों में बदल देती है।
  2. अनुप्रास अलंकार का प्रयोग है।
  3. भाषा सरल, सहज एवं सधुक्कड़ी है।
  4. प्रसाद गुण और शांत रस विद्यमान है।

9. केसौं कहा बिगाड़िया, जो मुंडै सौ बार।
मन को काहे न मुंडिए, जामैं विषै विकार॥

कठिन शब्दों के अर्थ : केसौं= बालों को। मूंडे = काटता है। विषै विकार = विषय वासनाएँ और उनके दोष। जामैं = जिसमें।

प्रसंग : प्रस्तुत दोहा संत कवि कबीर दास जी द्वारा लिखित ‘साखी’ में से लिया गया है। प्रस्तुत दोहे में कबीर जी मन में व्याप्त विषय वासनाओं को त्यागने की बात कही है।

व्याख्या :
कबीर जी कहते हैं कि इन बालों ने तुम्हारा क्या बिगाड़ा है जो तुम इन्हें सौ बार-बार अर्थात् बार-बार काटते हो। काटना ही है तो अपने मन को काटो जिस में अनेक प्रकार की विषय वासनाएँ और उनके दोष भरे पड़े हैं। कबीर जी के कहने का भाव यह है कि इन विषय वासनाओं को जड़ से काटकर अपने मन को स्वच्छ (निर्मल) क्यों नहीं करते। वास्तव में मन ही मूंडने के योग्य है।

विशेष :

  1. प्रस्तुत साखी में कबीर जी का भाव यह है कि मनुष्य को विषय-वासनाओं को समाप्त करके मन को साफ़ बनाना चाहिए।
  2. अनुप्रास अलंकार है।
  3. दोहा छन्द है। लाक्षणिकता ने भाव गहनता को प्रकट किया है।
  4. भाषा सरल, सहज एवं सधुक्कड़ी है। शांत रस है।

10. पर नारी पर सुन्दरी, विरला बचै कोइ।
खातां मीठी खाँड सी, अंति कालि विष होई॥

कठिन शब्दों के अर्थ :पर नारी = दूसरे की स्त्री। पर सुन्दरी = दूसरे की प्रेमिका। विरला = कोई-कोई। खातां = खाने में, भोगने में। अंति कालि = अंतिम समय में, परिणामस्वरूप।

प्रसंग : प्रस्तुत दोहा संत कवि कबीर दास द्वारा लिखित ‘साखी’ में से लिया गया है। प्रस्तुत दोहे में कबीर जी ने विषयी जीव के सहज स्वभाव का चित्रण किया है।

व्याख्या :
कबीर जी कहते हैं कि दूसरे की स्त्री और दूसरे की प्रेमिका की ओर आकृष्ट होने से कोई-कोई बच सकता है सभी उनकी ओर आकृष्ट होते हैं, किन्तु वह खाने में, भोग में खांड के समान मीठी अवश्य लगती है, पर अंतिम समय में (बाद में) वे विष के समान, घातक सिद्ध होती है। कबीर जी के कहने का भाव यह है कि विषयी जीव स्वाभाविक रूप से हानिकारक होते हैं।

विशेष :

  1. इस साखी में कबीर जी के कहने का है कि विषय-वासनाओं डूबे हुए व्यक्ति स्वाभाविक रूप से हानिकारक होते हैं।
  2. उपमा अलंकार का प्रयोग है।
  3. भाषा सरल, सहज तथा सधुक्कड़ी है।
  4. दोहा छन्द है। प्रसाद गुण और शांत रस विद्यमान है।

11. कबीर सो धन संचियै, जो आगै कू होइ।
सीस.चढायै पोटली, ले जात न देख्या कोइ॥

कठिन शब्दों के अर्थ : संचियै = जोड़िए, इकट्ठा कीजिए। आगे कू = आगे के लिए अर्थात् परलोक के लिए। चढ़ाये = चढ़ाकर, रख कर।

प्रसंग : प्रस्तुत दोहा संत कवि कबीर दास द्वारा लिखित ‘साखी’ में से लिया गया है। प्रस्तुत दोहे में कबीर जी ने ऐसे धन को एकत्र करने के लिए कहा जो परलोक में भी काम आ सके।

व्याख्या :
कबीर जी कहते हैं कि व्यक्ति को ऐसा धन एकत्र करना चाहिए जो परलोक में भी उसके काम आ सकेयह धन, ज्ञान और ईश्वर भक्ति का ही है। क्योंकि सांसारिक धन की पोटली को सिर पर रखकर तो किसी को ले जाते हुए नहीं देखा। यहाँ का धन यहीं रह जाता है जबकि ज्ञान और भक्ति रूपी धन व्यक्ति के साथ परलोक में भी जाता है। कबीर जी के कहने का भाव यह है कि हमें ज्ञान और भक्ति रूपी धन को जोड़ने का प्रयत्न करना चाहिए।

विशेष :

  1. इस साखी में कबीर जी के कहने का भाव यह है कि हमें सत्कर्म रूपी धन का संचय करना चाहिए। यह धन ही मनुष्य के साथ आगे जाएगा।
  2. रूपक अलंकार का प्रयोग है।
  3. भाषा सधुक्कड़ी है।
  4. दोहा छन्द है। प्रसाद गुण तथा शांत रस विद्यमान है।

12. गोधन, गजधन, बाजिधन और रतन धन खान।
जब आवै संतोष धन, सब धन धूरि समान॥

कठिन शब्दों के अर्थ :
गोधन = गऊओं का धन । गजधन = हाथियों का धन। बाजिधन = घोड़ों का धन। खान – भंडार। धूरि समान = धूल के समान।

प्रसंग :
प्रस्तुत दोहा संत कवि कबीर दास द्वारा लिखित ‘साखी’ में से लिया गया है। प्रस्तुत दोहे में कबीर जी ने संतोष रूपी धन को सब प्रकार के धनों से बड़ा बताया है।

व्याख्या :
कबीर जी कहते हैं कि व्यक्ति के पास गऊओं का धन भी हो सकता है, हाथियों और घोड़ों का धन भी हो सकता है तथा बहुत से रत्नों का भंडार भी हो सकता है किन्तु जब व्यक्ति के पास संतोष रूपी धन आ जाता है तो उपर्युक्त सभी धन धूल के समान व्यर्थ हो जाते हैं। कबीर जी के कहने का भाव यह है कि संतोष रूपी धन के सामने संसार के दूसरे धन फीके पड़ जाते हैं।

विशेष :

  1. इस साखी में कबीर जी का भाव यह है कि जब मनुष्य के पास संतोष रूपी धन आ जाता है तो उसके सामने संसार के सभी धन फीके पड़ जाते हैं।
  2. रूपक अलंकार का प्रयोग है।
  3. भाषा सधुक्कड़ी है।
  4. दोहा छन्द है। प्रसाद गुण तथा शांत रस विद्यमान है।

13.राम रसाइन प्रेम रस, पीवत अधिक रसाल।
कबीर पीवत दुर्लभ है, मांगै सीस कलाल॥

कठिन शब्दों के अर्थ : रसाइन = रसायन, रस। रसाल = मीठा। दुर्लभ = आसानी से प्राप्त न होने वाला। कलाल = शराब (रस) बेचने वाला—यहाँ भाव गुरु से है।

प्रसंग : प्रस्तुत दोहा संत कवि कबीर दास द्वारा लिखित ‘साखी’ में से लिया गया है। प्रस्तुत दोहे में कबीर जी ने ईश्वर भक्ति के रस को सब रसों से श्रेष्ठ बताया है।

व्याख्या :
कबीर जी कहते हैं कि ईश्वर के प्रति प्रेम भक्ति का रस ऐसा रसायन है जो मनुष्य में आमूल परिवर्तन करके उसमें नवजीवन का संचार करता है। यह रस पीने में बहुत अधिक मीठा होता है किन्तु इस रस का मिलना आसान नहीं है। क्योंकि इस रस को बेचने वाला कलाल रूपी गुरु इस रस का मूल्य सिर माँगता है। कबीर जी के कहने का भाव यह है कि जब तक जीव गुरु रूपी कलाल के सामने अपने अहंकार आदि को त्याग कर पूर्ण रूप से उनके प्रति समर्पित नहीं करता तब तक गुरु उसे प्रेम रस का पान नहीं कराता अथवा जीव उस प्रेम रस का पान नहीं कर पाता।

विशेष :

  1. प्रस्तुत साखी में कबीर जी का भाव यह है कि जब तक मनुष्य अपने गुरु के सामने अपना अहंकार त्याग कर पूर्ण रूप से समर्पित नहीं हो जाता तब उसे ईश्वर भक्ति का रस प्राप्त नहीं हो सकता।
  2. अनुप्रास तथा उदाहरण अलंकार का प्रयोग है।
  3. भाषा सरल, सहज एवं स्वाभाविक है। तत्सम तथा तद्भव शब्दावली है।
  4. दोहा छन्द है। प्रसाद गुण तथा शांत रस विद्यमान है।

14. सुखिया सब संसार है, खायै अरु सोवै।
दुखिया दास कबीर है, जागै अरु रोवै॥

कठिन शब्दों के अर्थ : सुखिया = सुखी। खावै = खाता है।

प्रसंग : प्रस्तुत दोहा संत कवि कबीर दास जी द्वारा लिखित ‘साखी’ में से लिया गया है। प्रस्तुत दोहे में कबार जी ने विषय वासना से दूर रहने पर अपने दुःखी होने की बात कही है।

व्याख्या :
कबीर जी कहते हैं कि विषय वासनाओं में लीन संसार सुखी है। वह खाता है और सो जाता है, हर प्रकार से निश्चित है। किन्तु मैं कबीर, जो विषय वासनाओं से दूर रहता हूँ, दुःखी हूँ और रोता हूँ। क्योंकि मुझे प्रभु के प्रति प्रेमरस की प्यास है। कबीर जी के कहने का भाव यह है कि ईश्वर से विरह के कारण तो तड़पन है वह उन्हें दुःखी करती है और रुलाती है।

विशेष :

  1. कबीर जी का भाव यह है कि मोह-माया से दूर होकर भी कई बार दुःख का अनुभव होता है उसका कारण ईश्वर प्रेम को प्राप्त करना है।
  2. अनुप्रास अलंकार है।
  3. भाषा सरल, सहज एवं सधुक्कड़ी है।
  4. दोहा छन्द है। प्रसाद गुण तथा करुण रस विद्यमान है।

15. बासुरि सुख ना रैणि सुख, ना सुख सुपिनै, माहिं।
कबीर बिछुरया राम , न सुख धूप न छाँहिं॥

कठिन शब्दों के अर्थ : बासुरि = दिन। रैणि = रात । माहि = में।

प्रसंग :
प्रस्तुत दोहा संत कवि कबीर दास द्वारा लिखित ‘साखी’ में से लिया गया है। प्रस्तुत दोहे में कबीर जी ने कहा है कि प्रभुभक्ति से विमुख व्यक्ति को कहीं भी सुख नहीं प्राप्त हो सकता।

व्याख्या :
कबीर जी कहते हैं कि ईश्वर भक्ति से विमुख होने वाले व्यक्ति को न दिन में सुख मिल सकता है और न ही रात में। उसे तो सपने में भी सुख नहीं मिलता। कबीर जी कहते हैं कि राम से बिछुड़ने वाले जीव को न तो धूप में सुख मिलता है और न ही छाया में। कबीर जी के कहने का भाव यह है कि ईश्वर भक्ति से विमुख व्यक्ति को संसार में कहीं भी सुख नहीं मिलता।

विशेष :

  1. प्रस्तुत साखी में कबीर जी का भाव यह है कि प्रभु के बिना किसी को कहीं भी सुख प्राप्त नहीं होता है।
  2. अनुप्रास अलंकार है।
  3. भाषा सरल, सहज एवं सधुक्कड़ी है।
  4. दोहा छंद है। प्रसाद गुण तथा करुण रस विद्यमान है।

16. पीछे लागा जाइ था, लोक बेद के साथि।
आगै थै सतगुर मिल्या, दीपक दीया हाथि॥

कठिन शब्दों के अर्थ : लोक बेद = लोकाचार और वेदाचार, संसार और वेद द्वारा बताया मार्ग। दीया = दे दिया।

प्रसंग : प्रस्तुत दोहा संत कवि कबीर दास जी द्वारा लिखित ‘साखी’ में से लिया गया है। प्रस्तुत दोहे में कबीर जी ने सद्गुरु के महत्त्व पर प्रकाश डाला है।

व्याख्या :
कबीर जी कहते हैं कि मैं लोकाचार और वेदाचार को मानता हुआ, उनका अंधानुकरण करता हुआ अज्ञान के अंधकार में भटक रहा था, सौभाग्यवश आगे से (रास्ते में) मुझे सद्गुरु मिल गए, उन्होंने मुझ जिज्ञासु को ज्ञान रूपी दीपक हाथ में थमा दिया। कबीर जी के कहने का भाव यह है कि गुरु ज्ञान के दीपक ने ही मुझे ईश्वर भक्ति की राह दिखाई।

विशेष :

  1. प्रस्तुत साखी में कबीर जी का भाव यह है कि गुरु ज्ञान के बिना ईश्वर भक्ति की प्राप्ति संभव नहीं है। इसीलिए मानव जीवन में गुरु का विशेष महत्त्व है।
  2. अनुप्रास तथा रूपक अलंकार का प्रयोग है।
  3. भाषा सरल, सहज तथा सधुक्कड़ी है।
  4. दोहा छन्द है। प्रसाद गुण तथा शान्त रस विद्यमान है।

17. लघुता से प्रभुता मिले, प्रभुता से प्रभु दूरि।
चींटी लै सक्कर चली, हाथि से सिर धूरि॥

कठिन शब्दों के अर्थ : लघुता = छोटापन। प्रभुता = बड़प्पन । सक्कर = खांड। धूरि = धूल।

प्रसंग :
प्रस्तुत दोहा संत कवि कबीर दास द्वारा लिखित ‘साखी’ में से लिया गया है। प्रस्तुत दोहे में कबीर जी ने छोटे बनने पर ही बड़प्पन को प्राप्त होने की बात कही है।

व्याख्या :
कबीर जी कहते हैं कि छोटा बनने पर ही बड़प्पन मिलता है जब बड़प्पन दर्शाने वाले व्यक्ति से प्रभु दूर ही रहते हैं। प्रभु छोटे, विनम्र व्यक्तियों को ही मिलते हैं जैसे चींटी छोटी होने पर भी खांड को लेकर चलती है और हाथी, जो अपने को बड़ा समझता है, उस के सिर में धूल पड़ती है।

विशेष :

  1. प्रस्तुत साखी में कबीर जी के कहने का भाव यह है कि विनम्र स्वभाव वाले व्यक्ति को ही प्रभु भक्ति की प्राप्ति होती है और बड़प्पन दिखाने वाले व्यक्ति से प्रभु दूर ही रहते हैं।
  2. अनुप्रास अलंकार है।
  3. भाषा सरल, सहज एवं स्वाभाविक है। तत्सम तथा तद्भव शब्दावली की अधिकता है।
  4. दोहा छन्द है। प्रसाद गुण तथा शान्त रस है, गेयता का गुण विद्यमान है।

सबद सप्रसंग व्याख्या

1. हरि जननी मैं बालक तेरा।
काहे न औगुण बकसहु मेरा ॥ टेक॥
सुत अपराध करै दिन केते, जननी के चित रहें न तेते॥
कर गहि केस करै जो घाता, तऊ न हेत उतारै माता॥
कहै कबीर एक बुधि बिचारी, बालक दुखी दुखी महतारी॥

कठिन शब्दों के अर्थ :
हरि = परमात्मा। जननी = माता। औगुण = अवगुण । बकसहु = क्षमा करते हो। सुत = पुत्र । केते = कितने ही। तेते = किसी का भी। कर गहि = हाथों से पकड़ कर। घाता = चोट करता है। हेत = स्नेह। न उतारे = नहीं त्यागती।

प्रसंग :
प्रस्तुत सबद संत कवि कबीर दास द्वारा लिखित ‘साखी’ में से लिया गया है। प्रस्तुत सबद में परमात्मा को माता के रूप में मान कर अपने अपराध क्षमा करने की प्रार्थना की है।

व्याख्या :
कबीर जी परमात्मा को माता मानते हुए कहते हैं कि हे प्रभु! आप मेरी माता हैं और मैं आप का पुत्र हूँ। इसलिए आप मेरे अपराधों को क्षमा क्यों नहीं करते ? पुत्र चाहे कितने ही अपराध करे, माता का मन उनमें से किसी का भी बुरा नहीं मानता। भले ही हाथों से उसके बाल खींचकर पुत्र उसे चोट पहुँचाए तो भी माता पुत्र के प्रति अपने स्नेह को नहीं त्यागती। कबीर जी कहते हैं कि मेरे हृदय में यही विचार बैठ गया है कि यदि बालक को कोई भी कष्ट होता है तो माता अपने आप दुःखी हो जाती है। कबीर जी ने परमात्मा को माता इसलिए कहा है कि पिता की अपेक्षा माता से बालक अपनी बात जल्दी मनवा लेता है। माता का स्नेह पुत्र के प्रति पिता से अधिक होता है।

विशेष :

  1. प्रस्तुत सबद में कबीर जी का भाव यह है कि परमात्मा माता का रूप है। पिता की अपेक्षा माता बालक की बात जल्दी मान जाती है तथा उस पर अपनी कृपा दृष्टि भी बनाए रखती है।
  2. अनुप्रास अलंकार का प्रयोग है।
  3. तद्भव शब्दावली का प्रयोग अधिकता से किया है। लयात्मकता का गुण विद्यमान है।
  4. प्रसाद गुण, अभिधा शब्द शक्ति और शांत रस ने कथन को सरलता और सहजता प्रदान की है।

रमैणी सप्रसंग व्याख्या

1. तू सकल गहगरा, सफ सफा दिलदार दीदार।
तेरी कुदरति किनहुँ न जानीं, पीर मुरीद काजी मुसलमांनीं।
देवी देव सुर नर गण गंध्रप ब्रह्म देव महेसर।

कठिन शब्दों के अर्थ :
सकल गहगरा = सर्वशक्तिमान । सफ सफा = उज्ज्वल और स्वच्छ। दिलदार = प्रिय रूप। दीदार = स्वरूप। मुरीद = शिष्य, जिज्ञासु। काजी = न्यायकर्ता। गंध्रप = गंधर्व। महेसर = महादेव, शिवजी।

प्रसंग :
प्रस्तुत पद संत कवि कबीर दास जी द्वारा लिखित ‘रमैणी’ में से लिया गया है। प्रस्तुत पद में कबीर जी ने ईश्वर के सर्वशक्तिमान होने तथा उसकी माया को न समझ सकने की बात कही है।

व्याख्या :
कबीर जी कहते हैं कि हे ईश्वर! आप सर्वशक्तिमान हो। तुम्हारा स्वरूप परम प्रिय, स्वच्छ एवं उज्ज्वल है। किसी ने भी तुम्हारी माया को नहीं समझा। मुसलमानों में पीर, शिष्य, काजी (न्यायकर्ता) तथा हिन्दुओं के देवी-देवता मनुष्य, गण, गंधर्व, ब्रह्मा, विष्णु, महेश आदि देव भी तुम्हारी माया को नहीं समझ सके। कबीर जी के कहने का भाव यह है कि कोई भी चाहे हिन्दू को चाहे मुसलमान ईश्वर की प्रकृति को समझ नहीं सका है।

विशेष :

  1. प्रस्तुत रमैणी में कबीर जी ने कहा कि ईश्वर सर्व शक्तिमान है उसकी माया को चाहे हिन्दू हो या मुसलमान कोई भी समझ नहीं सका है।
  2. अनुप्रास अलंकार है।
  3. भाषा सरल, सहज एवं सधुक्कड़ी है।
  4. प्रसाद गुण तथा शान्त रस है। गेयता का गुण विद्यमान है।

कबीर वाणी Summary

कबीर वाणी जीवन परिचय

भक्ति-काल की निर्गुण भक्ति-धारा के सन्त कवियों में कबीरदास का नाम विशेष सम्मान से लिया जाता है। इनके जन्म सम्वत् तथा स्थान को लेकर मतभेद है। अधिकांश विद्वान् इनका जन्म सम्वत् 1455 ज्येष्ठ शुक्ल पूर्णिमा (सन् 1398) को मानते हैं। इनका पालन-पोषण जुलाहा परिवार में हुआ। इनके पिता का नाम नीरू तथा माता का नाम नीमा था। इन की पत्नी का नाम लोई था। इनके कमाल नामक पुत्र तथा कमाली नामक पुत्री थी। कबीर जी की शिक्षा-दीक्षा नहीं हुई थी परन्तु इन्हें अन्तर्ज्ञान था। इनके गुरु का नाम स्वामी रामानन्द था। साधु-संगति, गुरु-महत्त्व तथा जीवन में सहज प्रेमानुभूति की विशेष स्थिति इनकी रचनाओं में मिलती है। इनका देहावसान सम्वत् 1575 (सन् 1518) में काशी के निकट मगहर में हुआ। इनके शिष्य हिन्दू और मुसलमान दोनों थे। इसलिए काशी के निकट मगहर में इन की समाधि और मकबरा दोनों विद्यमान हैं।

कबीर ने स्वयं किसी ग्रन्थ की रचना नहीं की थी। इन की साखियों और पदों को इनके शिष्यों ने संकलित किया था। इनके उपदेश ‘बीजक’ नामक रचना में साखी, सबद और रमैणी तीन रूप में संकलित हैं। कबीर की कुछ उलटबांसियों का भी उल्लेख मिलता है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब’ में भी कबीर की वाणी सुशोभित है। कबीर को सधुक्कड़ी भाषा का कवि कहा जाता है। इन की भाषा में ब्रज, अवधी, खड़ी बोली, बुंदेलखंडी, भोजपुरी, पंजाबी तथा राजस्थानी भाषाओं के अनेक शब्द प्राप्त होते हैं। कबीर की शैली में एक सपाट-स्पष्ट सी बात करने की क्षमता है। अलंकारों की सहजता के साथ लोकानुभव की सूक्ष्मता, सत्यता, वचन-वक्रता और गेयता के गुण इनकी शैली में हैं।

साखी का सार

संत कबीर ने निर्गुण भक्ति के प्रति अपनी आस्था के भावों को प्रकट करते हुए माना है कि मानव जन्म मिलना बहुत दुर्लभ है। यह शरीर नाशवान है इसलिए इस पर अहंकार नहीं करना चाहिए। मनुष्य को अहं त्याग कर प्रेम से रहना चाहिए क्योंकि ईश्वर सर्वशक्तिमान है वही सब कुछ करने वाला है। कबीर जी मनुष्य को मधुर वाणी बोलने का उपदेश देते हैं। हमें परमात्मा के नाम में भेदभाव करने से मना करते हैं क्योंकि परमात्मा का स्वरूप एक है। मनुष्य को अपने मन को साफ रखना चाहिए। उसे छोटे-बड़े में भेद नहीं करना चाहिए। कई बार बड़ी वस्तु की अपेक्षा छोटी वस्तु अधिक महत्त्वपूर्ण प्रतीत होती है। मनुष्य को सत्कर्म रूपी धन का संचय करना चाहिए। यही धन मनुष्य के अंत समय में साथ जाता है। सदगुरु ही मनुष्य को सद्मार्ग दिखाते हैं। अहं का त्याग करना तथा गुरुओं की वाणी का आदर करना सिखाते है। जीवन में दुःख-सुख सभी आते-जाते रहते हैं परन्तु हमें प्रभु भक्ति को कभी भी नहीं छोड़ना चाहिए।

सबद का सार

निर्गुण-भक्ति के प्रति अपने निष्ठाभाव को प्रकट करते हुए कबीर जी मानते हैं कि वे प्रभु के पुत्र हैं। वे प्रभु को माँ रूप में तथा स्वयं को पुत्र रूप में मानते हैं। इस सम्बन्ध से आत्मा-परमात्मा को अनन्य सम्बन्ध की सृष्टि की गई है। कबीर जी मानते हैं कि वे एक छोटे बालक हैं। माँ बच्चों के अपराध क्षमा कर देती है। माँ स्नेह का पात्र होती है जिसमें अपने बच्चों के लिए प्यार होता है। वह अपने बच्चों को कभी भी दु:खी नहीं देख सकती। इसलिए वह मेरे सभी अपराध क्षमा करके मुझे अपनी शरण में ले।

रमैणी का सार

निर्गुण भक्ति के प्रति अपने निष्ठाभाव को प्रकट करते हुए कबीर जी मानते हैं कि ईश्वर का कोई रूप नहीं है वह सर्वशक्तिमान है। उनके स्वरूप को किसी ने नहीं समझा है। हिन्दू और मुसलमान भी ईश्वर के साकार रूप में भटक रहे हैं। वे ईश्वर की माया को समझ नहीं पा रहे हैं।

कबीर ने ईश्वर के विषय में कहा है?

कबीर ने ईश्वर-प्राप्ति के प्रचलित विश्वासों का खंडन किया है। उनके अनुसार ईश्वर न मंदिर में है, न मस्जिद में; न काबा में हैं, न कैलाश आदि तीर्थ यात्रा में; वह न कर्म करने में मिलता है, न योग साधना से, न वैरागी बनने से। ये सब उपरी दिखावे हैं, ढोंग हैं। इनमें मन लगाना व्यर्थ है।

कवि ने ईश्वर को क्या कहा है?

(ङ) कवि ने ईश्वर को पतित पावन, भक्त वत्सल, दीनानाथ व उद्धारक कहा है

कवि की दृष्टि में ईश्वर एक है इसके समर्थन में उन्होंने क्या तर्क दिए हैं?

इसके समर्थन में उन्होंने निम्न तर्क दिए हैं - <br> • कबीर के अनुसार जिस प्रकार विश्व में एक ही वायु और जल है, उसी प्रकार संपूर्ण संसार में <br> एक ही परम ज्योति व्याप्त है। <br> • सभी मानव एक ही मिट्टी से अर्थात् ब्रम्ह द्वारा निर्मित हैं। <br> • परमात्मा लकड़ी में अग्नि की तरह व्याप्त रहता है।

कबीर परमात्मा के विषय में क्या कहते हैं Class 11?

कबीर का परमात्मा के विषय में मत है कि परमात्मा अनश्वर है अर्थात उसे ना ही मारा जा सकता ना ही जलाया या काटा जा सकता। वह सर्वव्यापक है अर्थात वह हर जगह, संसार के कण-कण में व्याप्त है। वह निराकार है अर्थात् परमात्मा का कोई आकार नहीं, हम जैसा चाहे उस आकार में उसे पूज सकते हैं

Toplist

नवीनतम लेख

टैग